उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शराब के नशे में धुत एक युवक ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता करके हाथापाई की. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
शराबी युवक ने की पुलिसकर्मियों से अभद्रता
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. जिले के अयाना थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक युवक ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर हाथापाई की है. आरोप है कि शराबी युवक ने सरकारी काम में बाधा डाली और पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरु कर दी है. बताया जा रहा है कि पुलिस के ऊपर अभद्रता का आरोप लगाते हुए युवक मौके से फरार हो गया.
डायल 112 पर मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक 6 मार्च की रात में लगभग 10.30 बजे डायल 112 पर अयाना थाना क्षेत्र के सुगंधा गांव में एक शराबी द्वारा उत्पात मचाने की सूचना मिली थी. जिसके बाद पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिवकिशोर वर्मा और होमगार्ड बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे थे. पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि एक युवक शराब के नशे में तलाशा कर रहा था.
पुलिसकर्मियों की फाड़ी वर्दी
पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में धुत युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उनके साथ गाली-गलौज करने लगा. जिसके बाद देखते ही देखते यह मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और उनकी वर्दी फाड़ दी. जब पुलिस ने शराबी को काबू में करने की कोशिश की, तो उसकी मां और उसका भाई भी आ गया और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए हाथापाई शुरू कर दी.
पीड़ितों ने दी लिखित शिकायत
इस घटना की सूचना पुलिसकर्मियों ने अयाना पुलिस को दी. आरोप है कि शराबी युवक पुलिसकर्मियों के ऊपर झूठे आरोप लगाते हुए फरार हो गया. मामले में पीड़ित पुलिसकर्मियों ने अयाना थाने में लिखित शिकायत दी है. अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- कर्मचारी ने कर दी 54 लाख की रकम गायब, कारोबारी की शिकायत पर पुलिस का एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार
