Jammu kashmir army vehicle accident: डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरने से 10 जवानों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है.

Jammu kashmir army vehicle accident: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. सेना का एक वाहन अचानक सड़क से फिसल गया और गहरी खाई में जा गिरा है. इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई है. कई अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक यह वाहन 17 जवानों को लेकर ऊंचाई वाले इलाके में बनी एक चौकी की ओर जा रहा था. रास्ते में भादरवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खानी टॉप के पास अचानक संतुलन बिगड़ गया. वाहन करीब 200 फीट नीचे खाई में जा गिरा. गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे.
हादसे की खबर मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी. तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया. स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे जवानों को बाहर निकाला गया. इस दौरान 10 जवानों के शव बरामद किए गए. कुछ जवान गंभीर हालत में मिले.
घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर तीन जवानों को हेलीकॉप्टर से उधमपुर के कमांड अस्पताल भेजा गया. वहां उन्हें विशेष इलाज दिया जा रहा है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ जवानों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. सेना के बड़े अधिकारी अस्पताल में घायलों की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.

सेना ने हादसे को लेकर बयान जारी किया है. कहा गया है कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. यह पता लगाया जाएगा कि वाहन कैसे फिसला और हादसा किन कारणों से हुआ. मृत जवानों के परिवारों को सूचना दे दी गई है. सेना ने परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. साथ ही घायलों को हर संभव इलाज देने का भरोसा दिलाया है. यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सफर की खतरनाक स्थिति को दिखाता है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
