प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने वाली अपील का असर अब हरियाणा में भी दिखाई दिया है. हरियाणा में कैबिनेट मीटिंग के लिए कई नेता साइकिल से सचिवालय पहुंचे हैं.

मिडिल ईस्ट में भारी संकट
मिडिल ईस्ट में इस समय संकट चल रहा है, जिसका प्रभाव लगभग पूरी दुनिया पर देखने को मिल रहा है. भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों को बढ़ाया गया है. यह भी कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ समय में कई चीजों के दामों में बढ़ोतरी हो सकती है. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों देशवासियों से ईंधन की बचत को लेकर अपील की थी.
कई नेताओं ने कम किया काफिला
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की थी कि पेट्रोल और डीजल का जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करना चाहिए और सभी देशवासियों को मिलकर इस दिशा में जरूरी कदम उठाने चाहिए. जिसके बाद पीएम मोदी की इस अपील का असर कई नेताओं के काफिले पर दिखाई देने लगा है. आपको बता दें कि देश भर में कई नेताओं ने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है.
साइकिल से सचिवालय पहुंचे नेता
हरियाणा में भी पीएम मोदी की अपील का असर दिखाई दिया है. हरियाणा में कैबिनेट बैठक करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 4 वाहनों के साथ सचिवालय पहुंचे. वहीं यहां एक और अलग नजारा दिखाई दिया. कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और खेल मंत्री गौरव गौतम इस दौरान साइकिल पर सवार होकर सचिवालय पहुंचे. गौरव गौतम ने कहा कि वे साइकिल से सचिवालय आए हैं और उन्होंने बाकी के कर्मचारियों और अधिकारियों से भी ऐसा करने की अपील की है.
साइकिल से चलें लोग- कृष्ण बेदी
इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि पीएम की अपील का काफी महत्व है. पेट्रोल और डीजल की बचत करने के लिए जितना संभव हो सके लोग साइकिल से चलें. उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में पहले से भी कदम उठा रही है और इस तरह की कोशिश आगे भी जारी रहेंगी. इस दौरान कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जब वह फील्ड में जाते हैं तो सुरक्षा कर्मियों की गाड़ी में ही सफर करते हैं.
यह भी पढ़ें- बंगाल में तेज हुई बुलडोजर राजनीति! CPI बोली का बीजेपी पर हमला; सत्ता का गलत इस्तेमाल न करे BJP- डी. राजा
