फरीदाबाद के सेक्टर 12 में एक दिन की नवजात बच्ची का शव झाड़ियों और कूड़े के ढेर में एक पॉलिथीन के अंदर बंद पड़ा मिला है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है.
1 दिन की नवजात बच्ची का कूड़े में मिला शव
हरियाणा के फरीदाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. फरीदाबाद के सेक्टर 12 में 1 दिन की नवजात बच्ची का शव झाड़ियों और कूड़े के ढेर में एक पॉलिथीन के अंदर बंद पड़ा मिला है. इस दौरान जिन लोगों ने इस दृश्य को देखा, वे सभी लोग देखकर चौंक गए. एक मासूम बच्ची की जिंदगी इतने कम समय में ही खत्म हो गई. इस मामले की सूचना पुलिस को मिली.
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
इस पूरी घटना की सूचना मिलने के बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस के मुताबिक वहां के स्थानीय लोगों ने बच्ची के शव मिलने की जानकारी दी थी. जानकारी मिलने के बाद में सेंट्रल थाना पुलिस तुरंत ही पहुंच गई और बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. डॉक्टरों ने अपनी शुरुआती जांच में बताया है कि बच्ची पहले से ही मृत थी.
मौत का कारण नहीं स्पष्ट
नवजात बच्ची के शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. इस हादसे के बाद में लोग जानना चाहते हैं कि मासूम बच्ची की मौत कब हुई और क्या उस मासूम को कूड़े में फेंके जाने से जान गवानी पड़ी. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद में ही पता लग पाएगी कि बच्ची की मौत हत्या का मामला है या फिर प्राकृतिक कारणों से हुई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि बच्ची के अज्ञात माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पता लगा रही है कि बच्ची को इस तरह से कूड़े में फेंकने वाले कौनसे मां बाप थे. पुलिस इस मामले की जांच करते हुए आसपास में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस मासूम के माता-पिता की पहचान करने के लिए स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें- धामी सरकार के साढ़े चार साल! मुख्यमंत्री ने रच दिया इतिहास, हर दिन 518 युवाओं को दी नौकरी
