हैदराबाद में एक युवक ने साइबर ब्लैकमेलिंग के चलते आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक युवक को आपराधियों ने मॉर्फ्ड न्यूड तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया था और परिवार को तस्वीरें भेजने की धमकी भी दी थी.
हैदराबाद में युवक ने की आत्महत्या
हैदराबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. हैदराबाद के रामनगर इलाके में एक 36 साल के व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया. बताया जा रहा है कि व्यक्ति न्यूड फोटो मॉर्फिंग और ब्लैकमेलिंग का शिकार था. मृतक की पहचान 36 साल के प्रेम कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने बताया कि कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसे मॉर्फ्ड न्यूड तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया था.
अपराधियों ने की थी 3 हजार रुपए की मांग
इस पूरे मामले की जांच में सामने आया है कि कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसे मॉर्फ्ड न्यूड तस्वीरें भेजी थीं और 3 हजार रुपए की मांग की और धमकी दी कि पैसे न देने पर उसकी तस्वीरें और वीडियो उसके परिवार को भेज देंगे. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों और पत्नी के कई बार भरोसा दिलाने के बाद भी व्यक्ति ने आत्महत्या का रास्ता अपनाया.
मानसिक दबाव में था व्यक्ति
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति के ऊपर लगातार दबाव पड़ रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में था. इसी मानसिक तनाव और धमकियों के चलते उसने यह कदम उठाया. इस मामले में अब मृतक प्रेम कुमार के परिवार वालों ने शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले को शिकायत के आधार पर दर्ज कर लिया है. इस पूरे मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस कर रही लोगों से अपील
इस पूरी घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है. इस मामले के बाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर साइबर ब्लैकमेल करके उन्हें निशाना बनाया जाता है, तो वह बिल्कुल भी न डरें और न ही किसी भी अपराधी को पैसे दें. अधिकारियों ने बताया कि अगर आप एक बार पैसे दे देते हैं, तो उनकी मांग और ज्यादा बढ़ जाती है. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- राधा, काश तुम मुझे छोड़कर न जातीं तो…, छात्र ने सुसाइड नोट लिख कर ली आत्महत्या
