ईरान ने अब हिंद महासागर में मौजूद अमेरिका-ब्रिटेन संयुक्ट सैन्य बेस ‘डिएगो गार्सिया’ पर 2 बैलिस्टिक मिसाइलों को दागा है. इस हमले के तुरंत बाद दुबई के भी कई हिस्सों में धमाके की आवाजें सुनी गई हैं.
ईरान ने डिएगो गार्सिया पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें
मिडिल ईस्ट में जंग की आग लगातार और ज्यादा भड़कती जा रही है. ईरान ने शनिवार को हिंद महासागर में मौजूद अमेरिका और ब्रिटेन के सैन्य बेस ‘डिएगो गार्सिया’ पर 2 बैलिस्टिक मिसाइलों को दागा है. इस हमले के तुरंत बाद ही दुबई में भी एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव होने की और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. आपको बता दें कि हिंद महासागर में युद्ध की शुरुआत 4 मार्च से हुई थी, जब अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत को डुबा दिया था, इस हादसे में 85 से ज्यादा लोग मारे गए थे.
ईरान से 4 हजार किमी दूर है डिएगो गार्सिया
वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की एक रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने शनिवार को हिंद महासागर में मौजूद संयुक्त अमेरिकी-ब्रिटिश सैन्य बेस के ऊपर 2 मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को दागा है. आपको बता दें कि डिएगो गार्सिया सैन्य बेस ईरानी क्षेत्र से लगभग 4,000 किमी की दूरी पर मौजूद है. डिएगो गार्सिया पर हमले को अब तक का सबसे बड़ा और दुर्लभ हमला माना जा रहा है.
ईरानी मिसाइलें हवा में ढेर
हालांकि अमेरिका के अधिकारियों का कहना है कि ईरानी मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि एक मिसाइल हवा में ही फेल हो गई और दूसरी मिसाइल को अमेरिकी युद्धपोत से लॉन्च इंटरसेप्टर (SM-3) से हवा में ही मार गिराया गया है. आपको बता दें कि डिएगो गार्सिया चागोस द्वीप समूह में मौजूद है. यह सैन्य बेस अमेरिकी और ब्रिटेन के लिए काफी महत्वपूर्ण है.
यूरोप में ठिकानों पर हमला करने में सक्षम तेहरान
इस सैन्य अड्डे का इस्तेमाल अफगानिस्तान और इराक में अमेरिकी बमबारी के लिए स्टेजिंग हब के रूप में किया जाता रहा है. अब इस सैन्य अड्डे को ईरान ने निशाना बनाया है. जिसके बाद चिंता बढ़ गई है. अब तक यह माना जाता था कि ईरान की मिसाइलों की रेंज काफी सीमित है, लेकिन डिएगो गार्सिया पर हमले की कोशिश ने यह इशारा दिया है कि तेहरान अब यूरोप में मौजूद ठिकानों को भी निशाना बनाने सक्षम है.
डिएगो गार्सिया पर हमले के बाद तुरंत ही दुबई के भी कई हिस्सों में धमाके की आवाजें सुनाई दी हैं. जिसके बाद प्रशासन ने साफ किया कि एक हवाई खतरे को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया है.
यह भी पढ़ें- तुर्की-ओमान पर हमले में ईरान का हाथ नहीं! खामेनेई ने दिया दो टूक जवाब, बोले- दुश्मनों ने गलत आकलन कर लिया
