उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. दोनों के बीच में काफी समय से जमीन बेचने को लेकर विवाद हो रहा था. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. लखनऊ के मोहनलालगंज कोतवाली के खुजेहटा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने भयानक रूप ले लिया. यहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक बेटे ने पिता को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला. इस घटना में मृत व्यक्ति की पहचान 45 साल के रामकरण के रूप में हुई है.
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस की टीम को इस घटना की सूचना सुबह लगभग 11.30 बजे मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. जानकारी के मुताबिक आरोपी बेटा 17 साल का है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है.
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
इस मामले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेटे और पिता के बीच में जमीन को बेचने को लेकर कई दिनों से विवाद हो रहा था. यह विवाद समय के साथ बढ़ता गया और सोमवार को खौफनाक रूप ले लिया. जानकारी के मुताबिक रामकरण किसी जगह पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे, उसी दौरान उनके बेटे ने दोबारा से जमीन को बेचने की बात शुरू कर दी.
लाठी से किया सिर पर वार
बेटे ने जब जमीन बेचने की बात शुरू की, तो रामकरण ने उसे डांट दिया. जिसके बाद वह बेकाबू हो गया. गुस्से में आकर उसने घर के अंदर से लाठी उठा ली और रामकरण के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. सिर पर हमला होने के कारण रामकरण खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए. जिसके बाद कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. घटना के बाद बेटा मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस की टीमें लगातार फरार आरोपी की तलाश कर रही हैं.
यह भी पढ़ें- स्कूटर देने से किया मना तो भड़का पति, पत्नी और सास-ससुर पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, तीनों गंभीर रूप से घायल
