rajkot sog raid fake currency printing case: राजकोट पुलिस ने रैयाधार इलाके में छापा मारकर नकली नोट छापने वाले नैतिक अग्रावत को गिरफ्तार किया है, जिसने यूट्यूब से यह तरीका सीखा था. आरोपी के पास से प्रिंटर, स्कैनर और 100-200 के जाली नोट बरामद हुए हैं, वह पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है.

rajkot sog raid fake currency printing case: राजकोट में नकली नोट छापने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शहर की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने रैयाधार इलाके में छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह कमरे के अंदर नकली नोट छापने का काम कर रहा था. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. साथ ही बाजार में चलने से पहले ही कई नकली नोट भी बरामद कर लिए. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस के मुताबिक उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रैयाधार इलाके में गौशाला के पास एक कमरे में नकली नोट बनाए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और छापा मार दिया. वहां मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम नैतिक अग्रावत बताया. पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली तो कई सामान बरामद हुए. कमरे में एक कलर प्रिंटर और स्कैनर लगा हुआ था. इसके अलावा फुटस्टूल, कटर, पेंसिल, सिक्के और ए-4 साइज के खाली कागज भी मिले.
तलाशी के दौरान पुलिस को 100 रुपये के दो तरफा छपे 15 नकली नोट भी मिले. इन सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर 663598 छपा हुआ था. इसके अलावा ए-4 साइज के कागज पर 100 रुपये के एक तरफ छपे 34 नोट भी बरामद किए गए. पुलिस ने कुल मिलाकर 100 और 200 रुपये के 38 नकली नोट जब्त किए हैं. इससे साफ हो गया कि आरोपी घर में ही नकली नोट तैयार कर रहा था और उन्हें बाजार में चलाने की योजना बना रहा था.
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कई अहम बातें कबूल कीं. उसने बताया कि वह कर्ज के बोझ से परेशान था. आर्थिक तंगी के कारण उसने गलत रास्ता चुन लिया. आरोपी ने बताया कि उसने करीब एक हफ्ते पहले यूट्यूब पर वीडियो देखकर नकली नोट छापने का तरीका सीखा था. इसके बाद उसने अपने कमरे में प्रिंटर और स्कैनर लगाकर नोट छापना शुरू कर दिया.
पुलिस के अनुसार तीन दिन पहले आरोपी ने सबसे पहले दो नकली नोट छापे थे. उसने उन नोटों को बाजार में चलाने की कोशिश की. जब वे नोट आसानी से चल गए तो उसका हौसला बढ़ गया. इसके बाद उसने और नकली नोट छापने शुरू कर दिए. हालांकि इससे पहले कि वह बड़ी मात्रा में नोट बाजार में चला पाता, पुलिस ने छापा मारकर उसे पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन नोटों को किसे देने वाला था या किसी और अवैध काम में इस्तेमाल करने की योजना बना रहा था. पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं.
