उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर चट्टान गिरने से एक युवक उसकी चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जंगल में आग लगने के कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ है.
उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक इस हादसे के पीछे पहाड़ी से पत्थर गिरने को कारण माना जा रहा है. इस हादसे को लेकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि जंगल में आग लग गई, जिसके कारण पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे. इसी दौरान हाईवे से गुजर रहा एक बाइक सवार पत्थर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे में घायल बाइक सवार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गणेशपुर और नेटला के बीच में मौजूद बराहाट रेंज क्षेत्र में हुई है. इस हादसे में मरने वाले युवक की पहचान 28 साल के मयंक पंवार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृत युवक लाटा गांव का रहने वाला था.
युवक के आई थीं अंदरूनी चोटें
जानकारी के मुताबिक मयंक नाम का 28 साल का युवक अपनी बाइक से हाईवे पर जा रहा था, इसी दौरान वह पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों की चपेट में आ गया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसकी जांच करने के बाद में मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि उसे अंदरूनी चोटें आई थीं, इसी कारण उसकी जान नहीं बच पाई.
वन विभाग के ऊपर आरोप
इस हादसे के बाद स्थानीय लोग वन विभाग के ऊपर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. लोगों का कहना है कि पिछले 2 दिनों से पहाड़ियों में आग लगी हुई है, लेकिन उसे बुझाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग अब सड़क किनारे रिहायशी इलाकों तक भी पहुंचने लगी है. पहाड़ियों के जंगलों में आग को लेकर स्थानीय लोग काफी चिंता में हैं.
