जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से आतंकियों को मदद पहुंचाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.

पुलवामा से आतंकी सहयोगी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के आतंक और आतंकियो का सफाया करने के लिए लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी ऑपरेशन के तहत पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों को शनिवार को बड़ी सफलता मिली है. राजपोरा इलाके में चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान एक संदिग्ध आतंकी सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान सुरक्षाबलों ने व्यक्ति के पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री को भी बरामद किया है.
संयुक्त ऑपरेशन के तहत गिरफ्तारी
आतंकियों की मदद करने वाले आरोपी को संयुक्त ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किया गया है. यह ऑपरेशन पुलवामा पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 183 बटालियन ने मिलकर चलाया है. अधिकारियों ने जानकरी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर इस ऑपरेशन को शुरू किया गया था और तलाशी अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों के चलते एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
सुरक्षाबलों द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान काचीपोरा निवासी मोहम्मद उमर मलिक के रूप में की गई है. पुलिस और टीम उससे पूछताछ कर रही है. सुरक्षाबलों को शक है कि वह आतंकियों को मदद पहुंचाने में शामिल था. सुरक्षा बलों ने आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है. आरोपी के पास से एक स्टार पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, एक चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तान निर्मित ग्रेनेड बरामद किया है.
iPhone 13 pro max भी बरामद
इसी के साथ आरोपी के पास से एक आईफोन 13 प्रो मैक्स और एयरटेल सिम कार्ड भी बरामद हुआ है. इस मामले में राजपोरा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली गई है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले में लगातार जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ हो रही है.
यह भी पढे़ं- बिना कारण के 3 महीने जेल में रखा व्यक्ति, हाई कोर्ट ने राज्य सरकार पर लगाया जुर्माना; भरने होंगे 10 लाख रुपए
