आगर मालवा के नलखेड़ा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक कार नाले के तेज बहाव में बह गई. हादसे के बाद प्रशासन ने बचाव अभियान चलाया. रेस्क्यू टीम ने नाले से सभी शवों को बाहर निकाल लिया है.
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. शनिवार को नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में श्रद्धालुओं से भरी हुई एक कार तेज बहाव में बह गई. जानकारी के मुताबिक हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं. फिलहाल अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है.
दर्शन करने पहुंचे थे लोग
बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान मंदिर के पास मौजूद बरसाती नाले को पार करते समय उनकी कार अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गई. जिसके बाद देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि कार नाले में बह गई.
तेज बहाव में बह गई कार
बताया जा रहा है कि नाले को पार करते समय पानी की तेज धार में वाहन असंतुलित हो गया और बह गया. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. जिस कार के हादसे का शिकार होने की जानकारी सामने आई है, उसका नंबर मध्य प्रदेश का ही है.
रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई. नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया. एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शवों को बाहर निकाल लिया गया है. उनकी पहचान की जा रही है. सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. प्रशासन ने अपील की है नाले के आसपास न आएं.
