जबलपुर के लेमा गार्डन झुग्गी बस्ती में धनतेरस की रात में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि इस आग के कारण 50 से ज्यादा परिवारों के घर, अनाज व नकदी जलकर हुए खाक. आग लगने के दौरान मौके पर दमकल की बारह गाड़ियाँ पहुँची और आग पर काबू पाया.
धनतेरस की रात मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहाँ गोहलपुर थाना क्षेत्र के लेमा गार्डन के पास गाजी नगर मैदान की झुग्गी बस्ती में आधी रात भीषण आग लग गई. कुछ ही समय में आग की विकराल लपटों ने 50 से ज्यादा परिवारों के आशियानों को अपनी आगोश में ले लिया.
सो रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक़ करीब 350 झुग्गियों वाली इस बस्ती में जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक उठी लपटों ने चीख-पुकार मचा दी. बेबस लोग बच्चों को गोद में उठाकर नंगे पांव जान बचाने के लिए भागे. जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक अनाज, नकदी, बिस्तर और दीवाली के लिए खरीदे नए कपड़े सब कुछ स्वाहा हो चुका था.
एक सदस्य का टूटा हाथ
झुग्गी निवासी अख्तरी बी ने बताया कि रात में शोर सुनकर जब वह बाहर भागीं तो सब कुछ जल रहा था. घर में रखा अनाज, पैसे, मोबाइल और रोजमर्रा का सारा सामान जल गया. अब सिर छिपाने की भी जगह नहीं बची है. उन्होंने बताया कि सड़क किनारे बैठकर रो रहे मोहम्मद हसन का परिवार सो रहा था, तभी अचानक आग ने सब खत्म कर दिया. हादसे में परिवार के एक सदस्य का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
मौके और पहुंची दमकल की गाड़ियाँ
हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. 10 से 12 दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया. बिजली कंपनी (MPB) ने एहतियात के तौर पर पूरी बस्ती की बिजली सप्लाई तुरंत बंद करा दी, जिससे कोई बड़ा बिजली का हादसा न हो. दमकलकर्मी ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया.
