चतरा जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी की ओर अश्लील इशारे करने पर पड़ोसी की हत्या कर दी. जिसके बाद आरोपी फरार हो गया. अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
झारखंड के चतरा जिले में पुलिस द्वारा सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. सिमरिया थाना क्षेत्र में पत्नी पर गलत नीयत रखने और अश्लील इशारे करने के शक में पति ने खौफनाक कदम उठा लिया. इसके बाद उसने पड़ोसी बुदल गंझू को मौत के घाट उतार दिया. फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को जयरूखरी नदी में फेंक दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी बालदेव गंझू उर्फ गरज गंझू को उसके गांव कुठान से गिरफ्तार कर लिया है
पत्नी की ओर किए अश्लील इशारे
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी बालदेव गंझू ने स्वीकार किया कि उसे अपने ही गांव के बुदल गंझू पर अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध का गहरा शक था. वो उसे रंगे हाथों पकड़ना चाहता था, लेकिन बुदल हर बार निकल भागता था. 30 अक्टूबर की सुबह बालदेव ने बुदल गंझू को अपनी पत्नी की तरफ अश्लील इशारे करते हुए देख लिया. इससे आक्रोशित होकर उसने बुदल को दबोच लिया और जबरदस्ती पास के जंगल में ले गया, और यहाँ उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपी ने शव को जयरूखरी नदी में बहा दिया और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एसडीपीओ (SDPO) सुन्नी वर्धन ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 नवंबर की सुबह सिमरिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 30 अक्टूबर से फरार मुख्य आरोपी बालदेव गंझू अपने गांव कुठान स्थित घर पर आया हुआ है. एसडीपीओ के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने जैसे ही गांव में दबिश दी, आरोपी बालदेव पुलिस को देखकर भागने लगा. इस दौरान पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दौड़ाकर दबोच लिया. कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना से जुड़ा एक मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है.
