उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर नगर पालिका के कर्मचारियों ने कूड़ा डाला है. सफाई कर्मचारियों ने यह विरोध प्रदर्शन एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर किया है.

कांग्रेस नेता के घर के बाहर कूड़ा
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा लाकर डाला है. कुछ ही देर में घर के बाहर कूड़े का ढेर लग गया और सड़क पर बदबू और भीड़ के साथ नारेबाजी होने लगी. यह पूरा विवाद एक दिन पहले शुरू हुआ था, जब नगर पालिका की टीम बकाया टैक्स का नोटिस देने के लिए कांग्रेस नेता के घर पर पहुंची थी.
अधिकारी से फोन पर की अभद्रता
बताया जा रहा है कि नोटिस मिलने के बाद नेता जमील अंसारी नाराज हो गए और उन्होंने अधिशासी अधिकारी से फोन पर काफी अभद्र भाषा में बातचीत की. इसी मामले में नाराज होकर सफाई कर्मचारियों ने अगले दिन विरोध का तरीका अपनाया और घर के बाहर कूड़ा डाल दिया. मंगलवार को सुबह के समय सफाई कर्मचारियों ने जमील अंसारी के घर पर कूड़ा डालना शुरू कर दिया.
कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
घर के बाहर कूड़ा डालने के बाद कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग की. कर्मचारियों का कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होती है तब तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. इस हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की. पुलिस के समझाने पर भी कर्मचारी मानने को तैयार नहीं हुए. इस दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच में हल्की झड़प भी हो गई.
पुलिस ने किया लाठी चार्ज
हालातों पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्के बल का इस्तेमाल करना पड़ा. पुलिस के मुताबिक इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. सफाई कर्मचारियों का कहना है कि उनके अधिकारी से अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया है. सफाई कर्मचारियों ने कांग्रेस नेता के घर के बाहर इतना कूड़ा डाला कि पूरी सड़क पर बदबू आने लगी.
यह भी पढ़ें- बंगाल में अमित शाह कराएंगे CM का फैसला, जेपी नड्डा को मिली असम की जिम्मेदारी; जल्द होगा नई सरकार का गठन
