तमिलनाडु के चेन्नई से अबू धाबी जा रही एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया. इस विमान में लगभग 280 यात्री सवार थे. फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरलाइन ने यात्रियों से माफी मांगी है.

अबू धाबी जा रही फ्लाइट रद्द
तमिलनाडु के चेन्नई से अबू धाबी जा रही फ्लाइट को अचानक रद्द कर दिया गया है. मंगलवार को अबू धाबी जाने वाली एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट उड़ान भरने से रोकी गई है. जानकारी के मुताबिक इस फ्लाइट में लगभग 280 यात्री सवार थे. इस फ्लाइट को अचानक से उड़ान भरने से रोक दिया गया. बताया जा रहा है कि उड़ान न भर पाने के पीछे का कारण हाइड्रोलिक लीक था.
इंजीनियरिंग टीम ने घोषित किया ग्राउंडेड
बताया जा रहा है कि हाइड्रोलिक लीक के कारण इंजीनियरिंग टीम ने फ्लाइट को ग्राउंडेड (AOG) घोषित कर दिया. आपको बता दें कि चेन्नई-अबू धाबी एतिहाद फ्लाइट को Airbus A320 (A6-EIT) विमान से ऑपरेट किया जा रहा था. तकनीकी खराबी का पता लगने के कारण उड़ान भरने से पहले फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया गया. फ्लाइट रद्द होने के बाद में यात्रियों को विमान से उतारकर विमान को स्टैंड पर ले जाया गया.
आग लगने की घटना नहीं हुई
अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी तरह का डायवर्जन नहीं हुआ और न ही कोई आग लगने की घटना हुई है. इससे पहले कहा जा रहा था कि फ्लाइट के बाएं पंख में आग लगी दिखी थी, जिसके कारण फ्लाइट को रद्द किया गया था. हालांकि अब इसको लेकर अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस तरह की किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई थी.
यात्रियों से मांगी माफी
फ्लाइट के रद्द होने के बाद एतिहाद एयरवेज ने यात्रियों से माफी भी मांगी है. एयरलाइन ने स्टेटमेंट जारी किया. स्टेटमेंट में कहा गया है कि उम्मीद है कि फ्लाइट अपने तय समय से लगभग 3 घंटे के बाद रवाना होगी. बयान में कहा गया कि इस दौरान यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हमारी टीमें यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा करने में मदद कर रही हैं.
संपर्क जानकारी रखें अपडेट
इस दौरान एयरलाइन ने यात्रियों के सलाह देते हुए कहा कि सभी यात्री etihad.com/contactme पर संपर्क जानकारी को अपडेट रखें, जिससे उन्हें फ्लाइट से जुड़ी हुई ताजा जानकारी मिल पाए. बयान में आगे कहा गया कि हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और आराम एतिहाद की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इस फ्लाइट के रद्द होने के बाद एयरलाइन ने यात्रियों से माफी मांगी है.
