Akhilesh Yadav PDA manifesto: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए PDA संकल्प पत्र जारी किया है, जिसमें कानून व्यवस्था पर सख्ती, 25 लाख सरकारी नौकरियां, ग्रेजुएट युवाओं को 5,000 रुपये मासिक भत्ता, 23 फसलों व दूध पर MSP की कानूनी गारंटी, महिला आरक्षण और जातिगत जनगणना जैसे वादे शामिल हैं.

Akhilesh Yadav PDA manifesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने PDA संकल्प पत्र के जरिए चुनावी एजेंडा सामने रख दिया है. कुल 22 क्षेत्रों वाले इस घोषणापत्र में कानून व्यवस्था, रोजगार, किसान, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और महंगाई को केंद्र में रखा गया है. अखिलेश यादव ने अपराध, माफियागिरी, अवैध कब्जे और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई का वादा किया है. 25 लाख सरकारी नौकरियां, 5,000 रुपये मासिक पोषण भत्ता और किसानों की कर्जमाफी जैसे वादों के जरिए सपा ने पीडीए समीकरण के साथ आम मतदाता को साधने की कोशिश की है.
कानून व्यवस्था और माफियाराज पर सख्ती का दावा
सपा ने कानून व्यवस्था को अपनी बड़ी प्राथमिकता बनाते हुए अपराध और माफियाराज के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का वादा किया है. अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी जाति या दल का अपराधी हो, कार्रवाई होगी. व्यापारियों और बाजारों की सुरक्षा, जमीन कब्जे रोकने के लिए विशेष एसटीएफ और हर जिले में साइबर क्राइम यूनिट बनाने की बात कही गई है. डायल 100, 112 और 1090 को मजबूत करने, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी बढ़ाने तथा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के घंटे तय करने व साप्ताहिक छुट्टी देने का वादा भी किया गया है.
25 लाख सरकारी नौकरी और 5,000 रुपये भत्ता
युवाओं के लिए पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा गया है. अन्य क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोजगार और हर ग्रेजुएट को नौकरी या नौकरी मिलने तक 5,000 रुपये मासिक पोषण भत्ता देने की घोषणा हुई है. शहरी रोजगार गारंटी कानून, छात्रावास, वार्षिक भर्ती कैलेंडर और तीन से छह महीने में भर्ती पूरी करने का वादा किया गया है. पेपर लीक पर अधिकारी व मंत्री की जवाबदेही तय करने, एमएसएमई से रोजगार बढ़ाने और अग्निवीरों को पुलिस व सरकारी विभागों में समायोजित करने की बात भी कही गई है.
23 फसलों व दूध पर MSP और कर्जमाफी
किसानों को साधने के लिए सपा ने 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है. आलू, प्याज और टमाटर के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था, कर्जमाफी और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली की बात कही गई है. ग्रामीण घरों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, गन्ने का मूल्य लागत के आधार पर हर साल बढ़ाने और 24 घंटे में भुगतान का वादा शामिल है. गन्ने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड और ग्रामीण ढांचे के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था भी घोषणापत्र में है.
महिला सुरक्षा, PDA और जातिगत जनगणना
नई पुलिस भर्तियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण, गांव स्तर तक महिला पुलिस ढांचा और बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने का वादा किया गया है. महिलाओं के लिए अलग विस्तृत घोषणापत्र लाने की बात भी कही गई है. PDA वर्ग के लिए जातिगत जनगणना कराने, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में 50 फीसदी आरक्षण और पांच रुपये में भोजन वाली समाजवादी कैंटीन खोलने की घोषणा हुई है. बुजुर्गों व जरूरतमंदों को 40 हजार रुपये सालाना सहायता देने का वादा भी शामिल है.
पुरानी पेंशन, मुफ्त इलाज और शहर विकास
कर्मचारियों के लिए 2005 से पहले वाली पुरानी पेंशन बहाल करने, आउटसोर्सिंग खत्म करने और मजदूरों के लिए डायल 1890 व 10 लाख रुपये स्वास्थ्य बीमा का वादा किया गया है. बंद 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर चलाने और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच, दवा व इलाज की बात कही गई है. पांच नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने, दाम बांधो नीति से महंगाई रोकने, ग्रीनफील्ड टाउनशिप, एक्सप्रेसवे का तहसील स्तर तक विस्तार और नदियों की सफाई का संकल्प भी लिया गया है.
