भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके परिवार को भदोही एमपी-एमएलए कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है. यह मामला रिश्तेदार की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने और धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ था.

विजय मिश्रा की बढ़ी मुश्किलें
उत्तर प्रदेश के भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. भदोही की एमपी-एमएलए कोर्ट ने विजय मिश्रा के साथ उनके परिवार को भी काफी बड़ा झटका दिया है. कोर्ट ने रिश्तेदार की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने के मामले में विजय मिश्रा, उनकी पत्नी रामली मिश्रा और बेटे विष्णु मिश्रा को 10-10 साल की सजा सुनाई है. इसी के साथ मामले में उनकी बहू को भी सजा सुनाई गई है.
रिश्तेदार की संपत्ति पर अवैध कब्जा
मामले में विजय मिश्रा की बहू रूपा मिश्रा को 4 साल की सजा सुनाई गई है. जानकारी के मुताबिक यह मामला उनके रिश्तेदार की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने और धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ था. इस मामले को लेकर काफी समय से सुनवाई चल रही थी, जिसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में कई डॉक्यूमेंट्स और गवाह पेश किए, जिनके आधार पर कोर्ट ने सभी आरोपियों को दोषी माना है और सजा सुनाई है.
2 दिनों पहले हत्याकांड में उम्र कैद
आपको बता दें कि बाहुबली पूर्व विधायक को यह लगातार दूसरा झटका लगा है. इससे 2 दिनों पहले प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें हत्याकांड के मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई थी. जिसके बाद अब एक और मामले में सजा मिलने से उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं. विजय मिश्रा को लगातार 2 मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है, जिससे उनकी राजनीतिक छवि पर भी काफी असर पड़ रहा है.
कोर्ट के आदेश के बाद कानूनी प्रक्रिया
कोर्ट के फैसलों के आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरम हो गया है और विजय मिश्रा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. ऐसा भी माना जा रहा है कि लगातार मिलने वाली सजाओं के कारण विजय मिश्रा और उनके परिवार की मुश्किलें आने वाले दिनों में और भी बढ़ सकती हैं. कोर्ट के आदेश के बाद सभी अपराधियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
