पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है और दोनों देशों की इस घटना पर नजर बनी हुई है.

Indian Officer Dies In Bangladesh: बांग्लादेश के चटगांव शहर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां भारतीय उच्चायोग में तैनात एक भारतीय अधिकारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है. वह हरियाणा के रहने वाले थे और चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग में सिक्योरिटी प्रोटोकॉल ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे थे. मंगलवार सुबह उनकी डेड बॉडी मिलने के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई. फिलहाल मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह नरेंद्र अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे थे. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर वहां मौजूद अधिकारियों को चिंता हुई. पहले उन्होंने खुद दरवाजा खुलवाने की कोशिश की. लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बाद में कमरे के अंदर से नरेंद्र का शव बरामद किया गया. घटना के बाद उच्चायोग के कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल बन गया.
चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के कमिश्नर हसन मोहम्मद शौकत अली ने स्थानीय अखबार को बताया कि नरेंद्र भारतीय कार्यालय में सुरक्षा प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में तैनात थे. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सुबह से ही नरेंद्र की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा था. इसी वजह से पुलिस को बुलाया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की और शव को अपने कब्जे में लिया. शुरुआती जांच में किसी तरह की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है.
बांग्लादेश की एक न्यूज वेबसाइट के मुताबिक नरेंद्र का शव पुराने वीजा सेंटर बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर बने एक डेटा एंट्री रूम के बाथरूम के पास मिला. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रात के दौरान किसी समय उनकी तबीयत बिगड़ी होगी. चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के जनसंपर्क सहायक आयुक्त अमिनुर राशिद ने कहा कि शुरुआती शक है कि बाथरूम जाते समय उनकी मौत हुई होगी. हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो पाएगी. चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त अमीरुल इस्लाम ने बताया कि इस मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया जाएगा. जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम के बाद शव भारतीय सहायक उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा. फिलहाल पूरे मामले पर भारत और बांग्लादेश दोनों की नजर बनी हुई है.
