UP Weather Alert: मौसम विभाग ने 10 जिलों में रेड अलर्ट और लखनऊ समेत 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. यानी आपको सावधान रहने की जरुरत है.
UP Weather Update 23 May:उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम अब पूरी तरह से बेकाबू हो चुका है और लोग सूरज की तपिश से बेहाल हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिन प्रचंड गर्मी, भीषण लू और रात में भी राहत न मिलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने आज 23 मई 2026 को राज्य के कई हिस्सों में भयंकर लू का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की तरफ से यूपी के 10 प्रमुख जिलों में गर्मी का ‘रेड अलर्ट’ है जिसका मतलब है कि इन इलाकों में हालात बेहद नाजुक रहने वाले हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी भी तरह की गिरावट होने की कोई उम्मीद नहीं है और रात के समय भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण लोगों को 24 घंटे उमस और बेचैनी वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
यूपी में प्रचंड गर्मी, भीषण लू
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिन प्रचंड गर्मी, भीषण लू और रात में भी राहत न मिलने की चेतावनी जारी की है. गर्म पछुआ हवाओं के चलते दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है. इन गर्म पछुआ हवाओं के कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी और लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी.
यहां के लिए रेड अलर्ट
रेड अलर्ट के दायरे में आने वाले जिले हैं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर. इन जगहों पर दोपहर के समय तेज और गर्म पछुआ हवाएं यानी लू के थपेड़े चलेंगे जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा. प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है.
यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी लखनऊ समेत 17 जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है वो हैं…देवरिया, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है.
बांदा सबसे गर्म जिला
भीषण गर्मी के बीच बुंदेलखंड का बांदा जिला प्रदेश का सबसे गर्म है. यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है. बांदा यूपी का ही नहीं, देश का सबसे गर्म इलाका है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है, इसलिए अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार कम हैं.
गर्मी से बचने के लिए प्रशासन की गाइडलाइंस और सलाह
फिलहाल मौसम विभाग ने अगले पांच दिन प्रदेश में गर्मी के और अधिक तीव्र होने के संकेत दिए हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत है. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी होने पर ही बाहर निकलें. लिक्विड पदार्थों का लगातार सेवन करते रहें. हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनें. सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अचानक ब्लैकआउट! शुक्रवार की रात एक साथ गुल हुई कई सेक्टरों की बत्ती, थम गई रैपिड मेट्रो की रफ्तार
