पंजाब के पटियाला में एक महिला ने अपनी 21 महीने की बच्ची की चाकू से हत्या कर दी. जिसके बाद इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

मां ने किया बच्ची का कत्ल
पंजाब के पटियाला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पटियाला जिले में एक मां के ऊपर आरोप लगा है कि उसने अपनी मासूम बेटी की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना पटियाला के हरि नगर उर्फ खेड़की गांव की है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि एक मासूम बच्ची की चाकू लगने से मौत हो गई.
लगातार रो रही थी बच्ची
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लगभग 18 से 21 महीने की रमनप्रीत कौर नाम की बच्ची की चाकू लगने के कारण मौत हो गई. इस घटना में शुरुआती जांच में बच्ची की मां लवप्रीत कौर को आरोपी माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि बच्ची लगातार रो रही थी. इसी दौरान बच्ची की मां लवप्रीत कौर गुस्से में आ गई और तनाव में आकर अपना आपा खो बैठी.
चाकू से किया हमला
महिला ने गुस्से में बच्ची पर चाकू से हमला कर दिया. जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. मासूम को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. ऐसा कहा जा रहा है कि महिला मानसिक तनाव और डिप्रेशन की मरीज है. इस घटना के बाद परिवार ने मामले को शुरुआत में हादसा बताने की कोशिश भी की.
पिता ने महिला पर लगाया आरोप
परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलते हुए चाकू पर गिर गई. हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. पूछताछ के दौरान बच्ची के पिता ने लवप्रीत कौर पर घटना का आरोप लगाया. जिसके बाद पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा ड्रग्स नेटवर्क बेनकाब! अधकारियों ने बरामद किया करोड़ों का गांजा; 2 थाई नागरिक गिरफ्तार
