दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ा है. इस दौरान अधिकारियों ने 48 करोड़ रुपए का गांजा बरामद किया है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी मात्रा में गांजा बरामद
राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ा है. जानकारी के मुताबिक अधिकारियों ने भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा की खेप को पकड़ा है. एयरपोर्ट पर पकड़े गए गांजे की कीमत लगभग 48 करोड़ रुपए बताई जा रही है. इस कार्रवाई को एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक माना जा रहा है.
2 थाई नागरिक गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक इस दौरान अधिकारियों ने बैंकॉक से आए 2 थाई नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक 22 मई को बैंकॉक से आई फ्लाईट से दिल्ली पहुंचे 2 थाई नागरिकों पर पहले से ही शक था. यात्रियों की प्रोफाइलिंग और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों को रोक लिया गया. जिसके बाद तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 6 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए.
48 करोड़ का गांजा बरामद
इन पैकेट्स में हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा ले जाया जा रहा था. तलाशी लेने के दौरान एक यात्री के बैग से लगभग 29 किलो और दूसरे यात्री के बैग से लगभग 19 किलो गांजा बरामद हुआ है. इस दौरान कस्टम अधिकारियों ने कुल 47.805 किले गांजा बरामद किया है. कस्टम विभाग के मुताबिक इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 48 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
विदेशी नागरिकों से हो रह पूछताछ
मामले की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ये तस्कर हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क के जरिए इस खेप को भारत ला रहे थे. फिलहाल दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में ले लिया गया है और अधिकारी उनसे लगातार पूछताछ कर रहे हैं. विभाग अब जांच कर रहा है कि इस खेप को दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि इसके पीछे कौन-सा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट काम कर रहा है.
यह भी पढ़ें- नूंह में बैंक मैनेजर की रहस्यमयी मौत! एक्सप्रेसवे के नीचे खड़ी कार में मिला शव; पुलिस कर रही जांच
