पश्चिम बंगाल के आसनसोल में फिर से बुलडोजर कार्रवाई हुई है. आसनसोल के बर्नपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेल के कार्यालय के ऊपर एक्शन लिया गया है. बताया जा रहा है कि यह दफ्तर सेल-आईएसपी (इंडियन आयरन एंड स्टील कंपनी) की जमीन पर बनाया गया था.

आसनसोल में बुलडोजर एक्शन
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और बीजेपी सरकार लगातार एक्शन में है. बंगाल में सरकार बनने के बाद राज्य भर से अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार बुलडोजर कार्रवाई हो रही है. अब इसी कड़ी में पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में बुलडोजर एक्शन हुआ है. आसनसोल के बर्नपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के ऊपर बुलडोजर चलाया गया है.
सेल-आईएसपी की जमीन पर बना कार्यालय
बर्नपुर रेलवे स्टेशन के पास मौजूद TMC पार्षद अशोक रुद्र के पार्टी कार्यालय को शनिवार को ध्वस्त किया गया है. जानकारी के मुताबिक यह कार्यालय सेल-आईएसपी (इंडियन आयरन एंड स्टील कंपनी) की जमीन पर निर्माण किया गया था. इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन के साथ सेल अधिकारी भी मौजूद रहे. बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा है.
टीएमसी ने लगाए आरोप
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों में बर्नपुर इलाके में यह चौथा TMC कार्यालय है, जिसे बुलडोजर कार्रवाई के तहत हटाया गया है. इस कार्रवाई के बाद टीएमसी ने बीजेपी सरकार के ऊपर टारगेट पॉलिटिक्स का आरोप लगाया है. टीएमसी नेताओं के मुताबिक सरकार विपक्षी कार्यालयों को निशाना बनाकर हटा रही है. हालांकि सेल प्रबंधन ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है.
संबंधित लोगों को दिया गया नोटिस
सेल अधिकारियों के मुताबिक इस कार्यालय से संबंधित लोगों को कई बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन उसके बाद भी अवैध कब्जे को नहीं हटाया गया. सेल अधिकारियों ने कहा कि अब प्रशासन की मदद से अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान को तेज कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा.
यह भी पढ़ें- गैलन में नहीं मिला डीजल, पेट्रोल पंप पर जनरेटर लेकर पहुंचे लोग; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
