झारखंड के देवघर में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. व्यक्ति ने उसकी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पति ने किया पत्नी का कत्ल
झारखंड के देवघर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. कहते हैं कि कोई भी रिश्ता प्यार और विश्वास के साथ सम्मान की नींव पर टिका हुआ होता है. जब एक रिश्ते में तीसरे इंसान की एंट्री हो जाती है, तो कई बार चीजें खराब हो जाती हैं. एक ऐसा ही मामला देवघर से सामने आया है. यहां अवैध संबंधों के शक में व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी.
पुलिस ने लिया था हिरासत में
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला देवघर के करनीबाग का है. करनीबाग मुख्य सड़क के किनारे बनी एक चाय की दुकान में 19 मई को एक महिला का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान माला देवी के रूप में हुई थी. जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. जिसके बाद पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई. इस दौरान पुलिस ने मृतका के पति शिबू यादव को हिरासत में लिया था.
दोस्त के साथ थे अवैध संबंध
पुलिस ने पूछताछ शुरू तो व्यक्ति पुलिस को गुमराह करता रहा. जिसके बाद सख्त पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने सारी सच्चाई बता दी. आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी उसके ही एक दोस्त के साथ अवैध संबंध रखती थी. जिसको लेकर दोनों के बीच में अक्सर विवाद होता था. व्यक्ति ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला पर कोई भी असर नहीं हुआ. विवाद बढ़ तो महिला पति से अलग होकर करनीबाग में मौजूद अपनी चाय की दुकान में रहने लगी थी.
आपत्तिजनक हालत में देखी पत्नी
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात में व्यक्ति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद वह अपना आपा खो बैठा और पत्नी की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुदाल, खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- आसनसोल में फिर चला बुलडोजर! TMC कार्यालय को किया ध्वस्त; विपक्ष ने लगाए आरोप
