उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के बाद खुद को गोली मार ली. पत्नी से विवाद के दौरान व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली.

पारिवारिक विवाद में गई जान
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पारिवारिक विवाद एक खूनी अंजाम तक पहुंच गया. सुल्तानपुर जिले के देहात कोतवाली के ओदरा गांव में पारिवारिक कलह ने एक व्यक्ति की जान ले ली. जानकारी के मुताबिक एक 55 साल के व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया. इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई.
कोतवाली में हुआ था समझौता
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक ओदरा गांव के रहने वाले मुफीद उर्फ बरसाती की अपनी दूसरी पत्नी के साथ में लंबे समय से विवाद चल रहा था. लोगों के मुताबिक घर में आए दिन झगड़े होते थे, जिससे तनाव की हालत बनी रहती थी. गांव वालों ने बताया कि कुछ दिनों पहले विवाद काफी बढ़ गया था और कोतवाली तक पहुंच गया था, जिसके बाद वहां दोनों पक्षों में समझौता करवाकर घर भेज दिया गया था.
शनिवार को फिर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस द्वारा समझौता होने के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ. जिसके बाद शनिवार को फिर से दोनों के बीच में विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान मुफीद ने घर में मौजूद अपनी लाइसेंसी राफल को उठाया और खुद को गोली मार ली. गोली की आवाज सुनकर परिवार और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए, हालांकि जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी.
पहली पत्नी की हो गई थी मौत
इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जा रहा है कि मुफीद की पहली पत्नी की मौत हो गई थी और पहली पत्नी से मृतक के 3 बेटे और 1 बेटी है. जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी. दूसरी पत्नी से व्यक्ति के संबंध लगातार खराब होते चले गए. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढे़ं- अमृतसर में ASI की गोली मारकर हत्या! ड्यूटी जाते समय रास्ते में बदमाशों ने रोका; रुकते ही कर दी फायरिंग
