पंजाब के अमृतसर में सुबह के समय ड्यूटी पर जा रहे एक ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई. ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मी को रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने रोका और गोली मार दी.

अमृतसर में ASI की हत्या
पंजाब के अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अज्ञात बदमाशों ने सुबह के समय ड्यूटी पर जा रहे एक ASI की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक मृतक पुलिसकर्मी की पहचान ASI जोगा सिंह के रूप में की गई है. इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.
ड्यूटी पर जा रहे थे जोगा सिंह
बताया जा रहा है कि मृतक जोगी सिंह सुबह के समय अपने घर से ड्यूटी के लिए जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने बिना किसी तरह की बहस किए उनके ऊपर अचानक से गोलियां चली दीं. गोली लगने ही पुलिसकर्मी जोगा सिंह सड़क पर गिर गए. वहां मौजूद लोगों को जब तक वारदात समझ आई, तब तक आरोपी भाग गए.
मौके पर फॉरेंसिक टीम मौजूद
घटना के बाद जोगा सिंह को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेरकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच को लेकर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस कर रही मामले की जांच
अधिकारियों का मानना है कि इस घटना के पीछे आपराधिक दुश्मनी या फिर पुरानी रंजिश हो सकती है. हालांकि अभी तक किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. मामले की जांच को लेकर कई टीमों का गठन किया गया है. इलाके में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- 15 साल ईमानदारी की छवि, उसे बाद की करोड़ों की सेंधमारी; 2 करोड़ का खरीदा बंगला
