उत्तर प्रदेश के बदायूं में कछला घाट पर गंगा स्नान करते समय एक किशोर की मौत हो गई. वहीं एक 17 साल की किशोरी गहरे पानी में जाने के कारण लापता हो गई है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

गंगा में डूबने से किशोर की मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बदायूं जिले के कछला गंगाघाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक नाबालिग की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक हाथरस जिले से आए हुए एक परिवार के लोग गंगा नदी में नहा रहे थे, इसी दौरान 6 लोग गहरे पानी में डूबने लगे. इस दौरान एक 16 साल के किशोर की मौत हो गई.
4 लोगों को गोताखोरों ने निकाला
बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक 17 साल की किशोरी लापता हो गई है. वहीं 4 लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया. जानकारी के मुताबिक हाथरस जिले के कनऊ गांव के रहने वाले ओमवीर अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ में कछला घाट आए थे. इस दौरान व्यक्ति का 16 साल का बेटा नीलेश और 17 साल की रिश्तेदार शिखा अचानक गहरे पानी में चले गए.
मशक्कत के बाद मिला किशोर का शव
गहरे पानी में फंसे बच्चों को बचाने के कारण ओमवीर और उनका बड़ी बेटा और एक रिश्तेदार भी पानी में फंस गए. जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग शोर मचाने लगे. शोर सुनकर स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने 4 लोगों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला. नीलेश को लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया.
लापता किशोरी की हो रही तलाश
अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया. वहीं किशोरी का शाम तक कोई सुराग नहीं मिला. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन को शुरू किया. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. वहीं घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है.
यह भी पढ़ें- गुलमर्ग में अटक गई सांसे! हवा में रुकी केबल कार; 300 पर्यटक बीच में फंसे
