उत्तर प्रदेश के अमरोहा में सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं पर बजरी से भरा हुआ डंपर पलट गया. इस दौरान 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के समय पंडाल में 20-25 श्रद्धालु मौजूद थे.

सुंदरकांड सुन रहे लोगों पर पलटा डंपर
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां मंगलवार को हनुमान मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ हो रहा था. इसी दौरान पाठ सुन रहे श्रद्धालुओं पर बजरी से भरा हुआ एक तेज रफ्तार डंपर पलट गया. बताया जा रहा है कि बजरी से लदा हुआ डंपर तेज रफ्तार में था और बेकाबू होकर पेड़ से टकराया और फिर पलट गया. जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया.
3 लोगों की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में मरने वाले लोगों की पहचान 70 साल के परम सिंह, 42 साल के महिपाल और नाना के घर पर आए हुए एक 5 साल के बच्चे आर्यन के रूप में की गई है. इन सभी को डंपर ने मौके पर कुचल दिया. बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पंडाल में लगभग 20 से 25 श्रद्धालु मौजूद थे.
कई लोग गंभीर रूप से घायल
बताया जा रहा है कि इस हादसे के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं में से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. आपको बता दें कि यह पूरा मामला अमरोहा के देहात थाना क्षेत्र के कांठ मार्ग पर मौजूद मिलक चवी गांव का है. इस हादसे के बाद तुरंत ही चीख-पुकार मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. घटना के बाद तुरंत ही घायलों को अस्पताल में भेजा गया.
मौके पर प्रशासन मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया. पुलिस ने हादसे में जान गंवानो वाले तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढे़ं- पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के आवास पर हमला, दबंगों ने जमकर काटा बवाल; सपा नेता पर लगाया आरोप
