पंजाब के पटियाला में एक नीले रंग के ड्रम में एक युवती का शव बरामद हुआ है. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस के मुताबिक युवती की उम्र 15 से 20 साल के बीच में है.

नीले रंग के ड्रम में शव
पंजाब के पटियाला से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. पटियाला के अर्बन स्टेट इलाके में बुधवार को सुबह डीसीडब्ल्यू पोल के पास में एक नीले रंग का ड्रम बरामद हुआ है. इस ड्रम के अंदर एक अज्ञात युवती का शव मिला है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
15-20 साल है मृतका की उम्र
जानकारी के मुताबिक मृत युवती की उम्र लगभग 15 से 20 साल के बीच में बताई जा रही है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती का शव ठिकाने लगाने के कारण ड्रम में भरकर सुनसान जगह पर फेंका गया हो सकता है. हालांकि इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता के साथ जांच कर रही है. इस मामले में फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आपको बता दें कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. जांच करते हुए पुलिस की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. जिससे यह पता लग सके कि ड्रम को वहां पर लेकर कौन गया था और इस घटना के पीछे कौन लोग हैं. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह सूचना मिली थी कि ड्रम में शव पड़ा हुआ है.
दोनों हाथों पर बने टैटू
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृत युवती के एक हाथ पर नेहा नाम का टैटू बना है और दूसरे हाथ पर दिल के निशान का टैटू बना हुआ है. पुलिस इन टैटू की मदद से युवती की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस इस मामले की जांच करते हुए इलाके में गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाल रही है, जिससे युवती की पहचान हो सके.
यह भी पढे़ं- विदेशी मंच से हिंदुत्व पर हमला? धामी, योगी और हिमंता पर प्रतिबंध की मांग; सनातन की मजबूत आवाजों पर अमेरिका से निशाना
