उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़िता का आरोप है कि पुलिस शिकायत बताने के बाद FIR दर्ज नहीं कर रही है. मामले के तूल पकड़ने के बाद लखनऊ पुलिस ने एक्स पर जानकारी दी है.

महिला दरोगा ने ससुर पर लगाया रेप का आरोप
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला दरोगा ने अपने ससुर के ऊपर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़ित दरोगा के मुताबिक शिकायत बताने के बाद भी पुलिस मामले में FIR दर्ज करने में टालमटोल करती रही. आरोप है कि पीड़ित अफसर 4 दिनों तक थाने भी गई, लेकिन पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया.
पुलिस पर गंभीर आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया. महिला दरोगा के मुताबिक वह पिछले 4 दिनों से पारा थाना और हंस खेड़ा चौकी के चक्कर लगा रही है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस उससे मामले में सबूत मांग रही है. पीड़िता ने बताया कि जब उसने हंस खेड़ा चौकी इंचार्ज को शिकायत बताई, तो पीड़िता को धमकाया गया.
चौकी इंचार्ज ने धमकाया
मामले में आरोप लगाते हुए पीड़िता ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने उसे एक कमरे में बंद किया और धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे. महिला दरोगा ने इस बात पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह भी पुलिस में है, लेकिन उसके बाद भी मामले में किसी भी तरह की कोई सुनवाई नहीं हुई. महिला ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी विपक्षी पक्ष के साथ मिलकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं.
लखनऊ पुलिस ने दिया रिप्लाई
पीड़िता का कहना है कि मैं खुद भी दरोगा हूं, लेकिन मेरा ही मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा है. उसका कहना है कि मैं रोज थाने आ रही हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पूरा थाना बिक गया है और उसे न्याय मिलने की उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है. इस मामले के चर्चा में आने के बाद लखनऊ पुलिस ने एक्स पर बताया है कि शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है.
यह भी पढे़ं- 48 घंटों में 15 मौतें! पुणे में जहरीली शराब से गई लोगों की जान; पुलिस ने गिरफ्तार किए 8 आरोपी
