महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने के कारण पिछले 48 घंटों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो चुकी है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनसे पूछताछ की जा रही है.

48 घंटों में 15 मौतें
महाराष्ट्र का पुणे शहर पिछले 48 घंटों में हिल उठा है. यहां बीते 2 दिनों में 15 मौतें हो चुकी हैं. जानकारी के मुताबिक इन लोगों में से 11 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने के कारण हुई है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में गुस्सा फूट पड़ा है. मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार किया है.
शराब में मिलाया मेथनॉल
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शराब में मेथनॉल मिलाया था, जिसके कारण शराब पीने से लोगों की तबीयत खराब हो गई और उनकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि योगेश गांव-गांव में जाकर देशी शराब को बेचने और उसकी सप्लाई करने का काम करता था. शराब बेचने के दौरान पुलिस ने उसकी गाड़ी को रोका और इस दौरान केमिकल मिलावट का खुलासा हुआ.
8 आरोपी गिरफ्तार
मामले में अभी तक राज्य उत्पाद शुल्क विभाग और पुलिस ने मिलकर 3 जगहों पर छापेमारी की है और इस दौरान 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में कर्नल सिंह विरखा और उसका बेटा शामिल है. बताया जा रहा है कि कर्नल सिंह विरखा अवैध शराब की दुकान चलाता था. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी योगेश के ऊपर पहले भी देशी शराब को बेचने के मामले दर्ज हैं.
मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने मामले में जांच करके सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और जानने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क का कितना बड़ा स्तर है, मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच की विशेष टीम को सौंपी गई है.
यह भी पढे़ं- ‘EMI हमारी कंपनी भरेगी’…, घर दिलाने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी; पुलिस ने दबोचा आरोपी
