छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में व्यक्ति ने लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी को अंजाम दिया. व्यक्ति लोग पास करवाता और उसका 60% अपनी कंपनी में जमा करवाता था. इस दौरान आरोपी ने 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है.

घर के नाम पर लोगों से ठगी
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां लोगों को घर दिलाने का सपना दिखाकर करोड़ों रुपयों की ठगी की गई है. जानकारी के मुताबिक ठग लोगों से कहता था कि लोन हम दिलवाएंगे, बस उसका 60% तुम हमारी कंपनी में जमा कर दो और EMI की टेंशन छोड़ दो, क्योंकि किस्त हमारी कंपनी भरेगी. जिसके कारण लोग इसकी बातों में आ गए.
9 लोगों से 3 करोड़ की ठगी
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सरगुजा जिले के गांधीनगर इलाके का है. इस मामले में पुलिस ने शिवशंकर दास नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि शिवशंकर ने अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप नाम की कंपनी बनाई थी और इसी के झांसे में लेकर लोगों से ठगी को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने 9 लोगों से लगभग 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की है.
किस्त को कंपनी जमा करेगी
बलरामपुर जिले के राजपुर में तैनात शिक्षिका दिव्या एक्का ने घर बनाने के लिए जमीन खरीदी थी और होम लोन की तलाश में थीं. इसी दौरान उन्हें किसी व्यक्ति ने शिवशंकर दास के बारे में जानकारी दी. शिवशंकर ने मुलाकात के दौरान बताया कि उसकी कंपनी लोगों को लोन दिलवाती है. उसने कहा कि कंपनी जितना लोन दिलवाएगी उसका 60% पैसा कंपनी में जमा करना होगा और बदले में EMI कंपनी जमा करेगी.
शिक्षिका से लिए 28 लाख रुपए
शिक्षिका ठग की बातों में आ गई. आरोपियों ने अलग-अलग बैंकों से लगभग 41 लाख रुपए का लोन पास करवा दिया. जब लोन के पैसे खाते में आ गए तो आरोपी ने कंपनी में पैसे जमा करने को कहा. जिसके बाद शिक्षिका ने लगभग 28 लाख रुपए कंपनी में जमा कर दिए. जिसके बाद धीरे-धीरे मामला खुलने लगा और शिक्षिका को ठगी का एहसास हुआ, जिससे उसने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी शिवशंकर दास को गिरफ्तार किया और पूछताछ शुरू कर दी. मामले की जांच में सामने आया कि उसने शिक्षिका के अलावा भी 9 दूसरे लोगों को अपनी स्कीम का शिकार बनाया. इस दौरान आरोपी ने 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
यह भी पढे़ं- गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला मथुरा! खुलेआम हुई फायरिंग में 6 घायल; पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज
