कवर्धा के एक अस्पताल में तेंदुआ घुस आया. इस दौरान उसने वहां मौजूद एक महिला पर हमला भी कर दिया. इस हमले में महिला घायल हो गई. फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है.
छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. शहर के स्नेहा हॉस्पिटल में तेंदुआ घुस गया. ये खबर जैसे ही सामने आई इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 11 बजे तेंदुए के होने का पता चलते ही अस्पताल और और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. अस्पताल में मौजूद लोगों और मरीजों के अंदर खौफ का महौल बन गया. तेंदुआ अस्पताल के बाथरूम में घुसा.
महिला पर किया हमला
बताया जा रहा है कि चार घंटे सौफ में अस्पताल के कमरे में मरीज कैद रहे. तेंदुए ने बाथरूम के पास एक महिला पर भी हमला कर दिया. महिला की पहचान यशोदा बाई के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि वे बाथरूम गई थी. वहां तेंदुए को देखा और उसे देखते ही भागने लगी. हालांकि वह पीछे भागा और महिला पर हमला कर दिया. महिला के मुताबिक उसने भागने की कोशिश की, लेकिन डर के मारे गिर गई. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने का प्रयास शुरू किया. सुरक्षा के लिहाज से वन कर्मियों ने तेंदुए को बाथरूम में कैद कर दिया.
बाथरूम में बंद है तेंदुआ
डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर निखिल अग्रवाल ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि तेंदुआ अभी स्नेहा हॉस्पिटल के इमरजेंसी एग्जिट के पास बने महिलाओं के बाथरूम में है. उन्होंने बताया कि हम बाहर से CCTV कैमरों के जरिए तेंदुए पर नजर रख रहे हैं और मेडिकल टीम भी रास्ते में है. वो कुछ देर में यहां पहुंच जाएगी. फिर पूरी रेस्क्यू टीम के साथ हम तेंदुए को पकड़कर वापस जंगल में छोड़ देंगे.
CCTV में कैद हुई हलचल
निखिल अग्रवाल के मुताबिक जब तेंदुआ बाथरूम में घुसा, तो एक महिला वहां गई थी और उस पर हमला हुआ. उसे तेंदुए के पंजे से चोटें आईं, जिसके लिए टांके लगाने पड़े. महिला की हालत अभी स्थिर है और उसका इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक स्नेहा हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी तेंदुए की पूरी हलचल कैद हुई है. फिलहाल अस्पताल और उसके आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
