उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई है. इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मथुरा में दिनदहाड़े फायरिंग
उत्तर प्रदेश के मथुरा में बदमाशों के हौंसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं. मथुरा के थाना हाईवे इलाके के महोली गांव में 2 पक्षों में विवाद हो गया और इस दौरान खुलेआम फायरिंग की घटना हुई है. बताया जा रहा है कि यह घटना 28 मई को भंडारा लगाने और मोटरसाइकिल टकराने के कारण हुई थी. इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
6 महीने पहले हुआ था झगड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और जांच को शुरू कर दिया. जानकारी के मुताबिक महोली के पार्षद प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी चंद्रपाल के बीच में लगभग 6 महीनों पहले एक गंभीर झगड़ा हुआ था. हालांकि उस दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर दिया था, लेकिन मामला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था. जिसके बाद 28 मई को मोटरसाइकिल टकराने और परिक्रमा मार्ग पर भंडारा लगाने के कारण दोनों पक्ष फिर से सामने आ गए.
खुलेआम चली गोलियां
इस दौरान दोनों पक्ष सामने आ गए और खूनी संघर्ष हो गया. मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्ष एक दूसरे के ऊपर खुलेआम गोलियां चला रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है.
6 आरोपी गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 6 लोगों को तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दूसरे आरोपियों की भी पहचान की जा रही है. इस मामले के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना हाईवे के प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही इस मामले में उपनिरीक्षक संदीप कुमार और आरक्षी आदर्श कुमार को शुरुआती रूप से दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- राजौरी में 7वें दिन भी जारी सेना का ऑपरेशन, पाकिस्तानी आतंकियों को होने की आशंका; ढूंढ़कर खत्म करेंगे जवान
