उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक पति ने अपनी 4 महीने की गर्भवती पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया. घटना में महिला की मौत हो गई. महिला के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है.

गर्भवती पत्नी को छत से फेंका
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि यहां एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी को घर की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे महिला की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक जिस समय यह घटना हुई उस दौरान महिला 4 महीने की गर्भवती थी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
पारिवारिक विवाद में हुई घटना
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र के बुद्धिपुर कोट मोहल्ले की है. यहां 26 मई की रात आयशा नाम की महिला अपने घर में खाना खाने के बाद सो रही थी. इसी दौरान परिवार में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान पति ने सास-ससुर और जेठ के साथ मिलकर आयशा से मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया.
बहन ने दी पूरी जानकारी
इस घटना की जानकारी मृत महिला की बहन गुड़िया ने परिवार को दी. गुड़िया की शादी पास में ही हुई है. गुड़िया ने अपने भाई को पूरी घटना की जानकारी दी. जब परिवार मौके पर पहुंचा तो आयशा घर के नीचे गिरी हुई थी. परिवार तुरंत ही महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद मृतका के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
पुलिस ने किया पति को गिरफ्तार
मृतका के पिता ने पुलिस से शिकायत करते हुए पति समेत 4 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि परिवार वाले लंबे समय से उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान इमरान शाह के रूप में की गई है. वहीं दूसरे आरोपियों की तलाश लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें- आगरा पहुंची डोनाल्ड ट्रंप की बेटी, ताजमहल का किया दीदार; टिफनी ट्रंप ने खिंचवाए फोटो
