अभी के समय में सभी जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की खबर सामने आ रही है. सुबह के समय कड़क धूप और शाम होते-होते आंधी तूफान का कहर. ऐसा ही कुछ झारखंड में भी देखने को मिला है. हालांकि, इस आकाशीय बिजली गिरने की वजह से 5 लोगों की मौत हो गई है. 24 घंटे के अंदर-अंदर एक लड़की , दो महिला और पुरुष की मौत की खबर सामने आई है.
इन जगहों में हुई मौत
दरअसल, शुक्रवार के दिन झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरी थी. यह कोहराम शुक्रवार से लेकर शनिवार सुबह तक चला था. इसी भारी बारिश और बिजली गिरने की वजह से 5 लोगों की एक ही दिन में मौत हो गई है. स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रांची के इटका थाना में रहने वाला एक परिवार पेड़ से आम तोड़ रहा था. उसी दौरान उन पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी 12 वर्षीय बेटी आश्रिता की मौत हो गई. वहीं, उसके माता-पिता गंभीर हालत में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है.
वहीं, गढ़वा में कंडी थाना की निवासी 45 वर्षीय महिला , धनबाद के राजगंज थाना की निवासी 44 वर्षीय महिला, बनजंघा गांव निवासी 32 वर्षीय पुरुष, बाबूडीह गांव निवासी 21 वर्षीय युवक की बिजली गिरने से मौत हो गई है.
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने की वजह से मौत हो गई है.
रविवार के दिन रहे अलर्ट
बता दें कि रांची के मौसम विभाग केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने 13 जिलों में रविवार की सुबह 7:30 से 8:00 बजे तक तेज बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही आने वाले समय में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी होने की आशंका जताई है. रामगढ़, बोकारो, रांची, कोडरमा, गिरिडीह, गोड्डा और धनबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: BJP युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह की हत्या में बड़ा खुलासा, सिगरेट पीने को लेकर की गई हत्या
