पंजाब के पटियाला में DCW पुल के पास में बीते दिनों एक ड्रम में बरामद हुए युवती का शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड को युवती के प्रेमी ने अंजाम दिया है.

नीले ड्रम की सुलझी गुत्थी
पंजाब के पटियाला में DCW पुल के पास में बीते दिनों एक ड्रम में युवती का शव बरामद हुआ था. जिसके बाद से पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी. अब इस मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पटियाला पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में जानकारी देते हुए एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया गया है.
आरोपी तक पहुंची पुलिस
आपको बता दें कि 26 मई को पुल के पास में एक नीले रंग के ड्रम में एक युवती का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान नेहा के रूप में की गई थी. जिसके बाद अब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टावर लोकेशन, डंप डाटा और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से मामले को सुलझा लिया है.
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान विराट कश्यप के रूप में की गई है. पूछताछ के दौरान आरोपी और नेहा लगभग डेढ़ साल से रिश्ते में थे. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नेहा उसके ऊपर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी. जिसके कारण दोनों के बीच में विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते आरोपी ने नेहा की हत्या कर दी थी.
शव को ठिकाने लगाने का प्लान
हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक नीले रंग के ड्रम में रखा और उसे पुल के पास फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी और की भूमिका भी थी या सिर्फ प्रेमी ने ही हत्या की.
यह भी पढ़ें- व्यक्ति ने पत्नी को छत से नीचे फेंका! 4 महीने की गर्भवती थी महिला; परिजनों के गंभीर आरोप
