JEE Advanced 2026 Result: जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की की ओर से रिजल्ट जारी किया गया है. इस साल IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने JEE Advanced 2026 में पहला स्थान हासिल किया है. महिलाओं में टॉप करने वाली आरोही देशपांडे ने 360 अंकों में से 280 अंक हासिल किए हैं. . इस बार दिल्ली जोन का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिल रहा है.
जेईई एडवांस्ड 2026 रिजल्ट जारी
आईआईटी रुड़की द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर टॉप किया है. शुभम को 360 अंकों में से 330 अंक मिले हैं. शुभम मूल रूप से बिहार के गया के रहने वाले हैं. उनके पिता हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं और मां कंचन देवी हाउसवाइफ हैं. शुभम ने साबित कर दिया है कि हौसले बुलंद हों और मेहनत सच्ची हो तो कुछ भी मुश्किल नहीं है.
जानिए टॉप 3 रैंकर्स की लिस्ट
टॉप 3 रैंकर्स की लिस्ट में तीनों ही स्टूडेंट्स आईआईटी दिल्ली जोन के हैं. पहले स्थान पर शुभम कुमार, दूसरी रैंक पर कबीर छिल्लर हैं. वह 1 नंबर के अंतर से 329 अंक पाकर दूसरी रैंक पर हैं. जबकि, तीसरे स्थान पर भी दिल्ली जोन के ही जतिन चाहर हैं, जिन्हें 319 अंक मिले हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो इस साल परीक्षा में कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1,79,694 छात्र दोनों पेपर्स में शामिल हुए थे. पूरी परीक्षा में से कुल 56,880 उम्मीदवारों ने आईआईटी के लिए क्वॉलिफाई किया है, जिनमें 10,107 छात्राएं हैं. लड़कियों की श्रेणी में भी दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने बाजी मारी है. उन्होंने 280 अंकों के साथ 77वीं रैंक हासिल की है.
अब आगे क्या होगा?
अब सफल उम्मीदवार जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (JoSAA) 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होंगे. इस साल की काउंसलिंग में दाखिले के लिए 12वीं क्लास के अंकों या प्रतिशत की कोई बाध्यता नहीं होगी. हालांकि, अंतिम सीट आवंटन सूचना ब्रोशर में दी गई योग्यताओं और शर्तों को पूरा करने के आधार पर ही होगा. देश के 23 प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों की सीटों के लिए अब छात्रों के बीच मुकाबला शुरू होगा.
