वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर एयर कस्टम्स को मिली बड़ी कामयाबी मिली है. वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने थाईलैंड के छह नागरिकों को 19.7 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं. जांच में पता चला कि ये तस्कर पहले भी कोलकाता और गया के रास्ते ड्रग्स की तस्करी कर चुके हैं
19.70 करोड़ रुपये का गांजा जब्त
उनके पास से 19.70 करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया है. जिसके बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया. अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 19.70 करोड़ रुपये आंकी गई. 30 मई 2026 को बैंकॉक से वाराणसी पहुंची फ्लाइट संख्या IX-215 में कार्रवाई हुई. एक्स-रे स्क्रीनिंग और शक के आधार पर 6 विदेशी यात्रियों को हिरासत में लिया गया.
ट्रॉली बैगों के निचले हिस्से में विशेष गुप्त कैविटी
बैग में गुप्त कैविटी बनाकर ड्रग्स लाया जा रहा था. ट्रॉली बैगों के निचले हिस्से में विशेष गुप्त कैविटी बनाई गई थी. सघन तलाशी के दौरान बैगों से हाइड्रोपोनिक गांजा के 22 पैकेट बरामद किए गए. बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 19.7049 किलोग्राम है. पुलिस और कस्टम की टीमें पूछताछ में जुटीं हुई हैं. बता दें कि पिछले तीन महीने से वाराणसी एयरपोर्ट से लगभग 64 किलोग्राम गांजा पकड़ा जा चुका है. बैंकॉक के ज़रिए वाराणसी में गांजे की तस्करी करने की कोशिश की जा रही है.
गिरफ्तार 6 विदेशी तस्करों की पहचान
विचनचाई फलाकित,नत्थाफोंग चंतराक,प्राचाया यीकोर,प्रिसाना चोडमोन,पट्टामावान चोटिमोन,सुनिसा पुएटपाकवान.
क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा?
हाइड्रोपोनिक गांजा को ‘हाइड्रोपोनिक वीड’ भी कहते हैं. ये आम गांजे के मुकाबले काफी ज्यादा नशीला और असरदार होता है. इसे उगाने के लिए मिट्टी का इस्तेमाल नहीं किया जाता है. इसके बजाय इसे पोषक तत्वों से भरपूर पानी आधारित प्रणाली में खास तौर पर तैयार किया जाता है.
