राजस्थान के पाली में ACB ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. ACB की कार्रवाई से गांव वालों में खुशी की माहौल बन गया. लोगों ने ढोल-थाली बजाकर ACB की कार्रवाई का स्वागत किया.

ACB की कार्रवाई से खुश हुए लोग
राजस्थान के पाली में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एक कार्रवाई के बाद लोगों के अंदर खुशी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक ACB ने लाटाडा पटवार में सोमवार को पटवारी विक्रम धीर को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. ACB की इस कार्रवाई की खबर मिलते ही पटवार भवन के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. जिसके बाद लोगों ने ढोल-थाली बजाकर अपनी खुशी जताई.
पटवारी के खिलाफ दी गई थी शिकायत
लोगों ने इस दौरान कहा कि लंबे समय से सभी लोग पटवारी की कार्यशैली के कारण परेशान थे. बताया जा रहा है कि परिवादी कमलेश चौधरी ने ACB पाली प्रथम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र डूकिया को मामले की शिकायत दी थी. इस शिकायत में कहा गया कि उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिसके सीमांकन और म्यूटेशन का काम के लिए वे लगभग 8 महीनों से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा है. शिकायत में बताया गया कि पटवावी विक्रम धीर ने इस काम को करने के लिए उनसे 13 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी.
रिश्वत लेते हुए पटवारी गिरफ्तार
परिवादी के मुताबिक पटवारी पहले भी 5 हजार रुपए ले चुका था और बचे हुए 8 हजार रुपए लेने का दबाव बना रहा था. शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और फिर कार्रवाई का जाल बिछाया. जिसके बाद सोमवार को पटवारी विक्रम धीर को 8 हजार रुपए लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. जिसके बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई है. ACB अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है.
गांव वालों ने किया ACB की कार्रवाई का स्वागत
इस मामले की जानकारी जब गांव वालों तक पहुंची, तो लोग कुछ ही समय में पटवार भवन के बाहर पहुंच गए. इस दौरान लोगों ने ढोल-थाली बजाकर ACB की कार्रवाई का स्वागत किया. गांव वालों का आरोप है कि पटवारी आम लोगों को छोटे कामों के लिए भी परेशान करता था. अब गांव वालों ने ACB से इस मामले में निष्पक्ष जांच करने की मांग की है.
यह भी पढे़ं- गांजा बेचने वालों को टोका तो मिली मौत! चेन्नई में 24 साल के युवक की बेरहमी से हत्या; राजनीति तेज
