राजस्थान में बुधवार को जिला प्रमुख चुनाव सम्पन्न हुए. यहां जिला प्रमुख चुनाव में चूरू में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला. जानकारी के मुताबिक़ यहां कांग्रेस बहुमत में थी, लेकिन वह यहां अपने प्रत्याशी को जिला प्रमुख नहीं बना पाई.
राजस्थान के 37 जिलों में बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव हुए, इस चुनाव के दौरान चूरू में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. आपको बता दे कि यहां बहुमत के बाद भी कांग्रेस जिला प्रमुख नहीं बना पाई. यहां क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा. पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह यहां जिला प्रमुख बन गईं.
बीजेपी ने बना पाए 9 प्रमुख
हालांकि अब तक जयपुर समेत 24 जिलों में कांग्रेस के जिला प्रमुख जीते हैं और सबसे हॉट सीट बीकानेर में कांग्रेस विधायक की बहू निकिता डूडी ने जीत दर्ज की है. वहीं इसके अलावा बीजेपी सिर्फ 9 जिला प्रमुख ही बना पाई है, जबकि बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के प्रत्याशी जिला प्रमुख चुने गए हैं.
निर्विरोध जीती कांग्रेस की उम्मीदवार
आपको बता दें कि नागौर में आरएलपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है, जबकि ब्यावर में बहुमत के बाद भी बीजेपी प्रत्याशी निर्मला देवी 1 वोट से हार गईं और कांग्रेस की ममता गुर्जर ने जीत दर्ज कर ली. बताया जा रहा है कि राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में सबसे चौंकाने वाला रिकॉर्ड जैसलमेर में बना है. यहां से 21 साल की संतोष कुमारी कांग्रेस के टिकट पर जीती हैं और दावा है कि वो राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख हैं. हालांकि इस दौरान सबसे खास बात यह भी है कि वह जैसलमेर से निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गई हैं.
जीत के बाद बोलीं संतोष
जानकारी के मुताबिक़ संतोष कुमारी शेड्यूल्ड ट्राइब (अनुसूचित जनजाति) कम्युनिटी से आती हैं और उन्होंने अपनी क्लास 12वीं की पढ़ाई पूरी कर ली है. अपने चुनाव के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं चुने हुए रिप्रेजेंटेटिव और जनता के साथ मिलकर पूरे जिले में डेवलपमेंट को बढ़ावा दूंगी और मुझ पर जताए गए भरोसे को पूरा करूंगी’.
