CBI ने महिला को अवैध तरीके से चीन भेजने के मामले में फरार चल रहे भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. CBI के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा. इस आरोपी को जनवरी 2023 को कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था.
चीन में अवैध तरीके से मजदूरों को भेजने के मामले में फरार चल रहे घोषित भगोड़े कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गिरफ्तार किया है. CBI ने बुधवार को आरोपी को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक़ CBI ने इस मामले में 7 जुलाई साल 2017 को शिकायत के आधार पर रोशन फर्नांडो, कुलदीप कपूर और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था.
चीन की पुलिस ने महिला को पकड़ा
CBI द्वारा दर्ज की गई शिकायत में आरोप था कि आरोपियों ने एक नेपाली महिला को चीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था। इसके बदले महिला से किस्तों में एक लाख रुपये लिए गए थे. इसके बाद महिला को अन्य लोगों के साथ चीन भेज दिया गया, जहां उसने एक मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम किया. हालांकि, 14 मार्च 2017 को चीनी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद चीन स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हस्तक्षेप से महिला समेत अन्य लोगों को भारत वापस लाया गया.
जांच पूरी होने के बाद दर्ज किया मुकदमा
जानकारी के मुताबिक़ इस मामले की जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर साल 2019 को रोशन फर्नांडो और कुलदीप कपूर के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 420, 471 के साथ 468 और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत चार्जशीट दाखिल की थी. फिलहाल मामले की सुनवाई नई दिल्ली स्थित ACJM, RADC की अदालत में चल रही है.
गिरफ्तारी के लिए बनाई गई टीम
जानकारी के मुताबिक़ अदालती कार्रवाई से लगातार बचने के चलते 19 जनवरी 2023 को कोर्ट ने कुलदीप कपूर को भगोड़ा घोषित कर दिया था. इसके बाद उसकी तलाश के लिए सीबीआई ने खुफिया तंत्र सक्रिय करते हुए एक विशेष टीम बनाई थी. पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने बड़ौत में उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
