मंदिर परिसर में पढ़ी नमाज
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने के आरोप में एक मजदूर सहित 3 लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि एक स्थानीय हिंदू किसान की सलाह पर मजदूर ने मंदिर परिसर में नमाज पढ़ी थी.
किसान के घर काम कर रहे थे मजदूर
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना बुलंदशहर के औरंगाबाद इलाके में मौजूद औलीना गांव की बताई जा रही है. यहां 31 मई को बुलंदशहर के जेहरा गांव का रहने वाला 56 साल का असर मोहम्मद नाम का मजदूर अपने 40 साल के साथी नजर मोहम्मद के साथ स्थानीय किसान राज कुमार के घर पर काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि किसान राज कुमार का घर गांव में मौजूद मंदिर के पास में मौजूद है.
मकान मालिक ने दी सलाह
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई थी. जिसके कारण असर मोहम्मद पास में मौजूद मंदिर परिसर के अंदर चला गया. इस दौरान बाहर तेज बारिश को देखते हुए मकान मालिक राज कुमार ने ही असर मोहम्मद को मंदिर परिसर के अंदर नमाज पढ़ने की सलाह दी. इस दौरान नजर मोहम्मद भी वहीं मौजूद था.
पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी
अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना को लेकर गांव के कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति भी जताई है. बताया जा रहा है कि जब ग्रामीणों ने इस घटना का विरोध किया, तो किसान राज कुमार उनसे बहस करने लगा. यह मामला ज्यादा बढ़ गया तो पुलिस हरकत में आई और मामले कर दर्ज कर लिया. इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ये भी पढ़ें: पति ने कर दी पत्नी की हत्या! शॉपिंग के बहाने घोंट दिया गला; 4 साल का बेटा था मौजूद
