गाजीपुर: गाजीपुर में माफिया मुख्तार अंसारी से जुड़े चर्चित गजल होटल को लेकर एक बार फिर बड़ा कानूनी बवाल खड़ा हो गया है. जिला प्रशासन द्वारा पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क और ध्वस्त किए जा चुके गजल होटल की जमीन पर अब दो अलग-अलग लोगों ने अपना मालिकाना हक जता दिया है। यह मामला अब एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंच चुका है, जहां कोर्ट ने मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ से विधायक अब्बास अंसारी को नोटिस जारी कर दिया है। इस नए विवाद से जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
गाजीपुर का चर्चित गजल होटल कभी मुख्तार अंसारी के रसूख का प्रतीक माना जाता था. जिला प्रशासन ने पहले इस होटल को अवैध नक्शे के आधार पर ध्वस्त किया और फिर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति को कुर्क कर लिया था. मुख्तार के परिवार ने संपत्ति को मुक्त कराने के लिए डीएम कोर्ट में गुहार लगाई थी, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली.अब इसी जमीन पर गाजीपुर के निवासी अभिषेक अग्रवाल और मोतीलाल वर्मा ने एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना-अपना दावा पेश कर खुद को जमीन का असली मालिक बताया है। शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने इस दावे की पुष्टि की है.
‘मुख्तार के डर से पहले नहीं उठाई आवाज’
जमीन पर दावा ठोकने वाले अभिषेक अग्रवाल ने मीडिया के सामने बयान देते हुए कहा कि मुख्तार अंसारी और उनके लोगों के खौफ के कारण पहले कभी आवाज उठाने की हिम्मत नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि योगी सरकार आने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाई और अपनी जमीन वापस पाने के लिए जिला प्रशासन को करीब 50 प्रार्थना पत्र दिए.
SDM कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
अभिषेक अग्रवाल का दावा है कि गाटा संख्या-100 की जमीन उनकी है और अतिरिक्त एसडीएम कोर्ट से उनके पक्ष में आदेश भी आ चुका है। उन्होंने कोर्ट के आदेश की कॉपी दिखाते हुए कहा कि मौजा महम्मदपट्टी के गाटा संख्या-100 पर दूसरे पक्ष के नाम दर्ज दस्तावेज फर्जी और अवैध पाए गए थे, जिन्हें निरस्त कर दिया गया है। अभिषेक ने दूसरे दावेदार मोतीलाल वर्मा के दावों को भी पूरी तरह गलत बताया है।
27 जून पर टिकी नजरें
इस पूरे मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई चल रही है और अदालत ने अगली तारीख 27 जून तय की है. अब बड़ा सवाल यह है कि गजल होटल की इस कीमती जमीन का असली मालिक कौन है?
ये भी पढ़ें: UP Weather News: पूरब-पश्चिम पूरा यूपी हुआ मौसम से बेहाल, आंधी-बारिश को लेकर IMD का बड़ा अलर्ट
