UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में इन दिनों आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है. जिसकी वजह से तापमान में भी गिरावट आई है. लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल गई है. आज भी यूपी में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहेगा. मौसम विभाग ने 7 जून को भी कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान कई जिलों में आंधी-तूफान का खतरा भी है. यहां जानिए अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल…
यूपी में रंग बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम रंग बदलता रहेगा. गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फर नगर, मेरठ, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, हमीरपुर, चंदौली, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. . इस दौरान 70 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी.
क्यों हो रहा मौसम में बदलाव?
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून की सक्रियता की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है. 9 से 12 जून के बीच कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. IMD का कहना है कि लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और मेरठ जैसे शहरों में मौसम अचानक बदल सकता है. गर्मी और उमस के बीच यह बारिश कुछ राहत भी दे सकती है, लेकिन बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.
आने वाले दिनों का मौसम
7 जून को लखनऊ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा. 9 जून के बाद कुछ इलाकों में फिर से लू चलने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है. मौसम विभाग की मानें तो 8 जून को पारा 40 डिग्री, 9 जून को 41 डिग्री, 10 जून को 43 डिग्री और 11 जून तक 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ऐसे में अगले सप्ताह फिर से भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बनने की संभावना है.
मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून धीरे-धीरे देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय होने की ओर बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में उत्तर भारत को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. वाहन चालक सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें.
ये भी पढ़ें: स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही ने छिनी 1 साल के मासूम की जिंदगी, जन्मदिन के तीन दिन बाद छिन गई जान
