झारखंड के गिरिडीह में एक पिता ने अपनी ही 3 बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. व्यक्ति ने धारदार हथियार से अपनी बेटियों का गला रेत दिया.

पिता ने की 3 बेटियों की हत्या
झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में एक ऐसी घटना हुई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. बताया जा रहा है कि यहां एक पिता ने अपनी ही 3 मासूम बेटियों का गला रेत दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
धारदार हथियार से रेता गला
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में की गई है. व्यक्ति के ऊपर आरोप है कि उसने अपनी 3 बेटियों का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी. मृत बच्चियों की पहचान 12 साल की पल्लवी कुमारी, 7 साल की रिद्धि कुमारी और उसकी 7 साल की जुड़वा बहन सिद्धि कुमारी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने धारदार हथियार से अपनी तीनों बेटियों का गला रेत दिया.
परिजनों ने दी पुलिस को जानकारी
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना रविवार देर रात की है, लेकिन इसका खुलासा सोमवार को सुबह के समय हुआ है. घटनी की जानकारी मिलते ही परिजनों और गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तीनों मासूमों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस घटना को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज की है.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
पुलिस ने घटना में कार्रावाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं लग पाया है. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति समझ आएगी.
यह भी पढे़ं- UP पुलिस भर्ती परीक्षा आज से शुरू! दांव पर 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों की किस्मत; सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
