Switzerland bar blast: नए साल के जश्न के दौरान स्विट्जरलैंड के क्रैंस-मोंटाना शहर के एक बार में हुए धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. धमाके के बाद आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हादसे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है.

Switzerland bar blast: स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. दक्षिण-पश्चिमी स्विट्जरलैंड के वालिस कैंटन में स्थित क्रैंस-मोंटाना शहर के एक बार में जोरदार धमाका हुआ था. यह धमाका उस समय हुआ, जब लोग नए साल की पार्टी मना रहे थे. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
देर रात करीब 1:30 बजे हुआ ये हादसा
स्विस पुलिस के मुताबिक यह धमाका देर रात करीब 1:30 बजे हुआ है. जिस बार में धमाका हुआ, उसका नाम ले कॉन्स्टेलेशन है. यह बार पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है. नए साल के मौके पर यहां पार्टी चल रही थी और अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी. बार की कुल क्षमता लगभग 400 लोगों की है, लेकिन धमाके के समय यहां करीब 100 लोग मौजूद थे. अचानक हुए विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई.
धमाके के तुरंत बाद बार जिस इमारत में स्थित है, उसमें आग लग गई है. आग तेजी से फैल गई और पूरी बिल्डिंग लपटों में घिर गई है. मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए हैं. आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई है. दमकल विभाग और राहत दल को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की है.
साफ नहीं है कैसे हुआ धमाका

स्विस पुलिस ने बताया कि फिलहाल धमाके की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह अभी नहीं कहा जा सकता कि धमाका कैसे हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है. स्विस मीडिया में सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि आग कितनी भयानक थी और इमारत को कितना नुकसान पहुंचा हैं.
क्रैंस-मोंटाना एक मशहूर और महंगा स्की रिजॉर्ट है, जो खास तौर पर ब्रिटिश पर्यटकों के बीच काफी पसंद किया जाता है. यहां हर साल बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं. जनवरी के अंत में यहां एक अंतरराष्ट्रीय स्की प्रतियोगिता भी होनी है. यह शहर स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर है. नए साल की खुशी के बीच हुआ यह हादसा पूरे इलाके को गहरे सदमे में छोड़ गया है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
