Etah accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. थाना बागवाला क्षेत्र के किलरमऊ गांव के पास खराब होकर सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस से दो वाहन टकरा गए. इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खड़ी रोडवेज बस से कैंटर और एक अन्य वाहन की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग वाहन में ही फंस गए।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलने पर डीएम, एसएसपी, एसपी सिटी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
इसलिए बच गए
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवा थे. बस खराब होने के बाद वो बाहर आ गए और बस के पीछे खड़े हो गए. तेज रफ्तार कंटेनर आया और सभी को कुचलता हुआ निकल गया. शव और घायल सड़क से लेकर खेत तक में फैल गए. वहीं, महिलाएं-बच्चे और बुजुर्ग बस के अंदर ही बैठे रहे, इसलिए उन्हें कुछ नहीं हुआ.
क्या कहते हैं अधिकारी
डीएम एटा अरविंद सिंह ने कहा कि बागवाल क्षेत्र में एक सरकारी रोडवेज की बस खराब थी और उसकी रिपेयरिंग चल रही थी. कुछ लोग अंदर थे तो बाहर कुछ बाहर थे. पीछे से कैंटर और सामने से ट्रक आ रहा था और बस से जा टकराए. जो लोग अंदर बैठे थे उनको ज्यादा चोटें नहीं आई हैं. जो लोग बाहर थे उनको काफी चोटें आई हैं. अस्पताल में 16 लोगों को लाया गया था. 11 लोग घायल हैं. घायल अब खतरे से बाहर हैं.मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे. पहली दृष्टि में सरकारी गाड़ी आधी सड़क पर थी और आधी अंदर थी. पीछे से कैंटर ने टक्कर मार दी.
