देश में हमें आए दिन रंगदारी और अवैध वसूली की घटनाएं देखने को मिलती हैं. अब एक ऐसा ही मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है. उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के ऊपर हमले की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि युवक को इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सऐप पर कॉल और वॉयस मैसेज आ रहे थे.
रोहिणी इलाके का मामला
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सैक्टर-24 में एक प्रॉपर्टी डीलर के ऊपर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है. पुलिसा का कहना है कि इस मामले में बदमाशों ने 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की है. आपको बता दें कि इस हमले में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है. मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
कब हुई यह घटना?
रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में होने वाली यह घटना शुक्रवार को शाम लगभग 5:23 बजे के आस-पास की है. दरअसल, बेगमपुर थाना क्षेत्र की पुलिस को एक फोन कॉल आया, जिसमें पुलिस को बताया गया कि सैक्टर-24 में खड़ी व्यक्ति की कार के ऊपर बाइक से आने वाले 3 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने के बाद तुरंत ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
गाड़ी के शीशे पर गोलियों के निशान
मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की नीले रंग की कार के सामने वाले शीशे पर गोलियों के कई निशान पाए हैं. पुलिस ने गाड़ी पर गोलियों के निशानों के साथ में सड़क के ऊपर बड़ी संख्या में खाली कारतूस भी पाए हैं. कारतूसों के मिलने से साफ होता है कि हमला करने वाले लोगों ने काफी देर तक फायरिंग की है. पुलिस ने इस मामले में युवक की कार और घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच शुरु की दी है.
विदेश से मिली थी धमकी
पुलिस ने बताया है कि जिस युवक की कार पर फायरिंग हुई है, वह एक स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर है. युवक ने बताया कि उसे 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच में एक इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज भी आए थे. युवक ने बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आप को बड़ा गैंगस्टर बताया और काफी मोटी रकम की मांग की थी. पीड़ित का कहना है कि उसे विदेश में रहने वाले एक कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर धमकियां दी गई थीं.
डर के कारण नहीं की पुलिस से शिकायत
प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि उसने डर के कारण किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. पुलिस का कहना है कि अब युवक ने फायरिंग की घटना होने के बाद में पुलिस को जानकारी दी है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज को खंगाल रही है और बाइक से आने वाले बदमाशों की पहचान कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी.
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का बनाया AI ऑडियो-वीडियो, पुलिस ने किया युवक को गिरफ्तार, आपराधिक इतिहास की भी हो रही जांच
