UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 जुलाई के लिए प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है.
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
लखनऊ का मौसम
राजधानी लखनऊ में 4 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उमस के कारण गर्मी का अहसास ज्यादा हो सकता है.
10 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि 4 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. 5 और 6 जुलाई को भी कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि 7 जुलाई के बाद भारी से बहुत भारी बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है.
रात में ज्यादा असर दिखाएगा मानसून
दिन में आंशिक धूप और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि शाम और रात के समय मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने रात में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की 90 प्रतिशत संभावना जताई है. मानसून की एंट्री के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी यूपी में 52% और पश्चिमी यूपी में 32% वर्षा की कमी दर्ज हुई है. पूरे प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से करीब 45 प्रतिशत कम रही है.
