देश में E20 ईंधन को लेकर चल रही बहस के बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल पेट्रोल पंप और सर्विस सेंटर पर जनता के बीच जाने वाले हैं. उन्होंने साथ ही कई वाहन निर्माताओं को चिट्ठी भी लिखी है.

जनता के बीच जाएंगे अरविंद केजरीवाल
इन दिनों पूरे देश में E20 पेट्रोल को लेकर बहस चल रही है. अब इसी बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पेट्रोल पंप और सर्विस सेंटर में जनता के बीच जाने वाले हैं. केजरीवाल 20 प्रतिशत एथेनॉल वाले पेट्रोल पर जनता से राय लेने वाले हैं. बुधवार को केजरीवाल ने कहा कि मैंने कहा था कि देश के सभी वाहन निर्माताओं को चिट्ठी लिखकर पूछूंगा कि क्या उनके पुराने वाहनों में E20 ईंधन का इस्तेमाल किया जा सकता है?
कई कंपनियों को लिखी चिट्ठी
केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने मारुति, टॉयोटा और हीरो कंपनी को अलग से चिट्ठी लिखी है. उन्होंने कहा कि इसके अलावा 26 कंपनियों को अलग से चिट्ठी लिखी है. इन तीनों कंपनियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि नुकसान नहीं होता, 3-4 प्रतिशत ही माइलेज का नुकसान होता है. उन्होंने कहा कि इनसे पूछा गया है कि अगर किसी ग्राहक का 10-15 फीसदी माइलेज घटता है या फिर इंजन को नुकसान होता है तो उसे कवर करेंगे?
माइलेज में हो रही कमी
उन्होंने कहा कि बाकी 26 कंपनियों से पूछा है कि क्या आपकी गाड़ियों में E20 पेट्रोल से माइलेज या इंजन को नुकसान तो नहीं है, अगर ऐसा होता है तो लोगों को कंपनसेशन कौन देगा? आपको बता दें कि कई लोग शिकायत कर रहे हैं कि उनकी गाड़ियों में E20 ईंधन भरने के बाद माइलेज 2-6% तक घट गया है. लोगों का कहना है कि एक लीटर पेट्रोल में पहले जैसा माइलेज नहीं मिल रहा है.
रबर के पार्ट्स खराब होने का डर
आपको बता दें कि E20 फ्यूल पर काफी विवाद चल रहा है. साल 2023 से पहले बनी ज्यादातर गाड़ियां E10 के लिए बनी हैं. E20 में ज्यादा एथेनॉल होने के कारण रबर के पार्ट्स खराब हो सकते हैं. यह बात एक रिपोर्ट में भी कही गई है. अब इसी बहस के बीच अरविंद केजरीवाल कल पेट्रोल पंप और सर्विस सेंटर पर जनता के बीच जाएंगे.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में नया खुलासा! रिसीविंग के तौर पर देते थे फर्जी रसीद; चंदे को जेब में रखते थे आरोपी
